हसीना हमला कांड में कई प्रभावी नेता शामिल

सुप्रिया रॉय
डेटलाइन इंडिया
नई दिल्ली, 27 अक्तूबर- प्रधानमंत्री शेख हसीना पर हुए हमले की खबर ने हड़कंप मचा दिया है जिसमें बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कई प्रभावी नेताओं का हाथ बताया जा रहा है। जाहिर है वर्ष 2004 में ढाका में पार्टी की रैली में हमला किया गया था जिसमें हसीना बाल बाल बच गई थी।  मीडिया में आई एक खबर में कहा गया है कि प्रधानमंत्री शेख हसीना पर हुए हमले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कई बड़े नेता शामिल थे और उन्होंने इसका षडयंत्र रचने के लिए प्रतिबंधित संगठन हरकत उल जेहाद (हूजी) का उपयोग किया गया था। डेली स्टार इंवेस्टिगेशन में दावा किया गया है कि हसीना को मारने की साजिश खालिदा जिया के बड़े बेटे तारिक रहमान के कार्यालय हवा भवन में रची गई थी। अखबार ने षडयंत्रकारियों के हवाले से कहा कि अवामी लीग को देश और इस्लाम के लिए सबसे बड़े खतरे के रूप में प्रचारित किए जाने के साथ अनुशंसा की गई थी कि पार्टी की अध्यक्ष शेख हसीना को हर हालत में खत्म किया जाना चाहिए। रिपोर्ट में कहा गया है कि गृह मंत्रालय के पूर्व कनिष्ठ मंत्री बाबर ने ग्रेनेड की आपूर्ति की थी, जबकि हूजी का उपयोग भाड़े के संगठन के रूप में किया गया था। डेली स्टार में कहा गया है कि यह रिपोर्ट उसके द्वारा हासिल उच्चस्तरीय विशेषाधिकार दस्तावेज के आधार पर आई है और अखबार के एक पत्रकार ने यह जानकारी मामले की पिछले पांच सालों से जांच में जुटे जांचकर्ताओं और खुफिया अधिकारियों से हासिल की है। आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को बाबर से पूछताछ के लिए उसके 10 दिन के रिमांड की मांग की थी। बाबर हसीना पर ग्रेनेड हमले के आरोप में सलाखों के पीछे है। ढाका में पार्टी की एक रैली में हुए इस हमले में हसीना बाल-बाल बच गई थीं लेकिन इसमें 24 अन्य लोगों के मारे जाने के साथ 400 घायल हो गए थे। सीआईडी अधीक्षक अब्दुल कन्हार अकंद ने पत्रकारों से कहा कि हमें कई संदिग्धों के इकबालिया बयानों के बाद बाबर के 21 अगस्त 2004 के ग्रेनेड हमले में शामिल होने के बारे में अहम जानकारी और सबूत मिले थे। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के शासनकाल में गृह राज्य मंत्री रहे बाबर अवैध तौर पर हथियार रखने के आरोप में इस समय सत्रह साल की सजा काट रहे हैं। इस मामले की जांच के लिए ब्रिटिश स्काटलैंड यार्ड, अमेरिकी एजेंसी एफबीआई और इंटरपोल ने भी बांग्लादेशी जांचकर्ताओं की मदद की थी।

      Bookmark and Share    Subscribe
Post Your Comment
Comment:
Email ID:
Posted By :
Location:
     
    Show Hindi   Hide Hindi
Copyright @ 2010, Datelineindia.com   Powered by eMag Technologies Pvt.Ltd.