शॉटगन ने पूछा- मेरी पत्नी क्यों नहीं?

श्रीपति त्रिवेदी
डेटलाइन इंडिया
नई दिल्ली, 16 अक्तूबर- और अब फिल्म स्टार शत्रुघ्न सिन्हा की बगावत ने लाल कृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह दोनों को खामोश कर दिया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सवाल किया है कि जब प्रमोद महाजन की बेटी पूनम को लोकसभा का टिकट दिया जा सकता है तो मेरी पत्नी पूनम को राज्यसभा में क्यों नहीं भेजा जा सकता। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पार्टी के सारे बड़े नेता नियमों का खुल कर उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी पत्नी के लिए कभी कुछ नहीं मांगा मगर कोई तो मुझे बताए कि आखिर बीस साल तक पार्टी के लिए काम करने वाली मेरी पत्नी के नाम पर राज्यसभा में भेजने के लिए विचार तक क्यों नहीं किया गया। श्री सिन्हा का यह बयान इसलिए और महत्वपूर्ण है कि हाल मे ही वे संघ प्रमुख मोहन भागवत से राजगीर में अकेले में मिले थे। सिन्हा ने अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, राजनाथ ंसिह, वैंकेया नायडू और रवि शंकर प्रसाद जैसे नेताओं को अपना नेता मानने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि ये पार्टी के साथी है, इनमें से कई तो मेरे जूनियर हैं और जहां तक मेरा सवाल है, मेरी नेता तो मेरी पत्नी है। शत्रुघ्न सिन्हा ने हाल ही में एक जमाने की अपनी पुरानी हीरोइन रेखा के साथ उनके पचपनवे जन्मदिन पर बहुत दिनों से चल रही दुश्मनी खत्म कर दी थी। उन्होंने अब कहा कि मुझे भाजपा से ज्यादा तो रेखा पर भरोसा हैं। उन्होने सवाल किया कि भाजपा कोई पार्टी है? सिन्हा ने कहा कि मैंने राहुल गांधी की तारीफ की क्योंकि वे काम कर रहे है। मेरी पार्टी के कुछ नेताओं को यह तारीफ हजम नहीं हुई क्योंकि वे काम नहीं करते। भाजपा को इतनी गालियां देने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने लाल कृष्ण आडवाणी की तारीफ कर के उन्हें और मुसीबत में डाल दिया। पार्टी से निकाले गए जसंवत सिंह का समर्थन करते हुए सिन्हा ने कहा कि पार्टी के संस्थापकों में से एक को बगैर सुनवाई के पार्टी से निकाल दिया जाना तानाशाही के अलावा कुछ नहीं हैं। सिन्हा ने सवाल किया कि भुवन चंद्र खंडूरी और यशवंत सिन्हा ने कौन सी अनुशासनहीनता की थी जिसका जवाब उनसे मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं तो जनता को मुंह भी नहीं दिखा पा रहा। सिन्हा ने यह भी कहा कि मेरी प्रेरणा जयप्रकाश नारायण और अटल बिहारी वाजपेयी के अलावा सिर्फ मेरी पत्नी है।

  
Comment:
Email ID:
Posted By :
Location:
     
       
Copyright @ 2009, Datelineindia.com   Powered by eMag Technologies Pvt.Ltd.